जयपुर : राजस्थान राज्य आर्थिक पिछड़ा वर्ग आयोग ने प्रदेश में अनारक्षित वर्गों के परिवारों के हित में आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों की पहचान करने हेतु सर्वे कार्य प्रारम्भ कर दिया है। आयोग के सचिव मिथिलेश कुमार शर्मा ने आज यहां बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय के निर्णय की अनुपालना में सर्वे कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जस्टिस अनूपचंद गोयल की अध्यक्षता में गठित यह आयोग आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों की पहचान करने, उनकी आवश्यकताओं का आंकलन करने एवं उनके उत्थान हेतु योजना बनाने के सम्बन्ध में राज्य सरकार को सुझाव देगा।
उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश में उल्लेखित परिमाणात्मक आंकड़े एकत्रित करने का कार्य भी आयोग द्वारा कराया जाना है। आयोग ने सम्पूर्ण राजस्थान में सर्वे प्रारम्भ कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस सर्वे में जनगणना 2011 को आधार मानकर प्रत्येक नगर पालिका, परिषद एवं निगम के 2 से 5 तक वार्डों में तथा राजस्थान की प्रत्येक तहसील की 2 ग्राम पंचायतों को सम्मिलित किया गया है।
– वार्ता


Download Android App
Download iOS App



