इस समय भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर भारत में लगातार तापमान गिरता ही जा रहा है। वहीं राजस्थान के कई हिस्सों में शीतलहर जारी है, वहीं जयपुर शहर में कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई है। सुबह जयपुर में तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव जला रहे हैं और सरकार और प्रशासन ने गरीब लोगों के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर में कड़ाके की ठंड पड़ने से रोजमर्रा के काम करना मुश्किल हो गया है।
राजस्थान में शीतलहर जारी
जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, चूरू, श्रीगंगानगर, बाडमेर, जयपुर, कोटा, अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, झुंझुनू, सवाई माधोपुर, सीकर जैसे शहरों में घना कोहरा छाया रहा और पारे में गिरावट आई जिससे भीषण शीतलहर चली। मौसम विभाग ने सोमवार को 12 जिलों में कोहरे और शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया था। राजस्थान के जयपुर में एक स्थानीय चाय की दुकान के मालिक ने बताया, “हमें तीन दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मेरे हाथ-पैर काम नहीं कर रहे हैं। बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है, हालांकि प्रदूषण कम हुआ है। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग चाय पीने आ रहे हैं।”
और भी गिरेगा तापमान
गौरतलब है कि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने का अनुमान लगाया है। IMD के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि कई क्षेत्रों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। आईएमडी ने अगले दो दिनों में पंजाब और हरियाणा में घने से बहुत घने कोहरे की भी भविष्यवाणी की है, जिससे दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है और यात्रा में व्यवधान हो सकता है। हालांकि इस समय तापमान सामान्य से अधिक रहा है।
कुछ दिनों में ठीक होगा मौसम
IMD को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह सामान्य स्तर पर लौट आएगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोहरे की एक पतली परत छाई रही। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) ने बेघर लोगों को आश्रय प्रदान करने के लिए 235 पैगोडा टेंट स्थापित किए हैं। एम्स, लोधी रोड और निजामुद्दीन फ्लाईओवर सहित राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में रैन बसेरे बनाए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App




