राजस्थान के पूर्व CM जगन्नाथ पहाड़िया का कोरोना से निधन, राष्ट्रपति और PM ने जताया दुख

Summary :

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया का निधन हो गया। 89 वर्षीय पहाड़िया कोरोना वायरस से संक्रमित थे। गुरुग्राम के पार्क अस्पताल में उन्होंने आज अंतिम सांस ली।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया का गुरुवार को निधन हो गया है। 89 वर्षीय पहाड़िया कोरोना वायरस से संक्रमित थे। गुरुग्राम के पार्क अस्पताल में उन्होंने आज अंतिम सांस ली। पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने दुःख व्यक्त किया।
राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट करते हुए लिखा, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जगन्नाथ पहाड़िया के निधन से दुःख हुआ। वंचित वर्ग की आवाज़, लोकप्रिय जनसेवक और कुशल प्रशासक, श्री पहाड़िया ने राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी राष्ट्र निर्माण में विशिष्ट योगदान किया। उनके प्रियजनों के प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं।


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया जी के निधन से दुखी हूं। अपने लंबे राजनीतिक एवं प्रशासनिक करियर में उन्होंने सामाजिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”


राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने ट्वीट में लिखा, “प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जगन्नाथ पहाड़िया जी के निधन की खबर बेहद दुखद है। श्री पहाड़िया ने मुख्यमंत्री के रूप में, राज्यपाल के रूप में, केंद्रीय मंत्री के रूप में लम्बे समय तक देश की सेवा की, वे देश के वरिष्ठ नेताओं में से थे।”


जगन्नाथ पहाड़िया 1980-81 में राजस्थान के मुख्यमंत्री थे। हरियाणा और बिहार के राज्यपाल के तौर पर भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी। पहाड़िया के सम्मान में राजस्थान में एक दिन का राजकीय शोक रहेगा एवं राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, सभी सरकारी कार्यालयों में 20 मई का अवकाश रहेगा। पहाड़िया की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ गुरुग्राम में होगी। 

Desk Team