राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जेलों में बंदियों के पास मोबाइल व अवैध वस्तुएं मिलने की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जेल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे मामलों में दोषी जेल प्रहरियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। गहलोत मंगलवार को यहां वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जेल विभाग की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैदियों के पास मोबाइल, मादक पदार्थ, हथियार जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं का पहुंचना तथा उनका जेलों से आपराधिक गतिविधियों को संचालित करना, जेलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न चिन्ह लगाता है।
ऐसे मामलों को सख्ती से रोकने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जेलों की सुरक्षा-व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद किया जाए। साथ ही इसमें संलिप्त पाए जाने पर जेलकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जेलों में कोविड-19 महामारी के संक्रमण से बंदियों तथा जेल कर्मचारियों को बचाने की व्यवस्था को और पुख्ता किया जाए। उन्होंने जेलों के आधुनिकीकरण तथा बंदियों के पुनर्वास व कल्याण के लिए गठित जेल विकास बोर्ड की पहली बैठक जल्द कराने के निर्देश भी दिए।


Download Android App
Download iOS App



