ईंधन और रसोई गैस के बढ़ते दामों को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। मंगलवार को उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के बढ़ते दामों के लिए याद रखा जाएगा।
गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘आजादी के 75वें वर्ष (अमृत महोत्सव) को पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दामों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।’’ गहलोत ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल व सब्जियों के दाम जिस तरह से बढ़ रहे हैं, उसे देखकर ऐसा लगता है कि मोदी सरकार ने जनता को महंगाई का ‘दिवाली उपहार’ दिया है। पहले सरकारें प्रयास करती थीं कि त्योहारों पर महंगाई कम से कम हो जिससे आमजन हंसी-खुशी से त्योहार मना सकें।
आजादी के 75वें वर्ष (अमृत महोत्सव) को पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दामों में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। pic.twitter.com/qoybtMTaW6
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) November 2, 2021
उन्होंने तंज कसते हुए लिखा है, ‘‘दीवाली से सिर्फ तीन दिन पहले व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर के दाम 266 रुपये बढ़ाकर मोदी सरकार ने दिवाली पर मिठाइयां महंगी करने का इंतजाम कर दिया है। पेट्रोल 116 रुपये प्रति लीटर एवं डीजल 108 रुपये प्रति लीटर हो गया है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर एक साल में 598 रुपये से 305 रुपये बढ़कर 903 रुपये हो गया है।’’ गहलोत ने कटाक्ष किया, ‘‘राज्य सरकार ने प्रतिभाशाली छात्राओं को कॉलेज आने जाने में सुविधा के लिए स्कूटियां बांटी हैं, लेकिन बच्चियां मोदी सरकार से पूछ रहीं हैं कि इतना महंगा पेट्रोल कैसे खरीदें?’’


Download Android App
Download iOS App



