सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर कर रही है काम : अशोक गहलोत

Summary :

गहलोत ने कहा राज्य सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर सबके कल्याण की मंशा के साथ काम कर रही हैं और इसके तहत कई फैसले लिए गए हैं ताकि युवा रोजगार से जुड़ सके।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर सबके कल्याण की मंशा के साथ काम कर रही हैं और इसके तहत कई फैसले लिए गए हैं ताकि युवा रोजगार से जुड़ सके। गहलोत ने उनके निवास पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए युवाओं द्वारा तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती-2018 के प्रथम स्तर के पदों पर नियुक्ति समेत शिक्षित बेरोजगारों के हित में किए गए फैसलों के लिए उनका आभार जताने पर आज यह बात कही।

उन्होंने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि हमारी सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर सबके कल्याण की मंशा के साथ काम कर रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे कई निर्णय किए गए हैं जिससे युवा रोजगार से जुड़ सकें। इस अवसर पर युवाओं ने अशोक गहलोत से कहा कि सरकार ने तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती के पदों पर नियुक्ति, बेरोजगारी भत्ते समेत अन्य जो फैसले लिए हैं, उनसे प्रदेशभर के नौजवानों में विश्वास जाग्रत हुआ है। राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेन यादव ने बताया कि गहलोत के मुख्यमंत्री बनने के बाद लिए गए फैसलों से बेरोजगारों को राहत मिली है।

छह हजार रुपये की योजना से चुनाव नहीं जीत पाएंगे मोदी, कौन सा चुनावी वादा पूरा किया यह बताएं: गहलोत

Desk Team