राजस्थान : ड्राइविंग सीख रहे थे 4 लड़के, ट्रक ट्रेलर से जा टकराई कार, सभी की मौत

Summary :

हनुमानगढ़ में मेगा हाइवे पर रावतसर के समीप कार की एक सीमेंट भरे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर में चार लड़कों की दर्दनाक मौत हो गई।

राजस्थान के हनुमानगढ़ में कार ड्राइविंग सीखते समय चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मेगा हाइवे पर रावतसर के समीप रविवार तड़के कार की एक सीमेंट भरे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर के दौरान ये हादसा हुआ। मृतकों की उम्र 17 से 21 साल के बीच है, वहीं मृतकों में तीन चचेरे एवं ममेरे भाई थे और चौथा इनका दोस्त।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान रावतसर में वार्ड नंबर 21 निवासी हेमंत नाई (18) नीरज नाई (17) झुंझुनू जिले में बजावा निवासी रजत नाई (20) और रावतसर में वार्ड नंबर 21 निवासी रुद्राक्ष गोदारा (17) के रूप में की गई है। इनमें तीन घायलों को आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन तीनों को ही मृत घोषित कर दिया गया। 
चौथे ड्राइविंग सीट पर फंसे हुए युवक का शव बाहर निकालने के लिए काफी जतन करने पड़े। ट्रेलर कार के हिस्से को टोचन कर उखाड़ गया, जिससे लाश बाहर निकाली जा सकी। सुबह चार बजे हुई दुर्घटना में चार युवकों की मृत्यु हो जाने से रावतसर में शोक की लहर दौड़ गई। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह युवक अपने एक परिवारजन की कार लेकर तीन-चार दिनों से ड्राइविंग करना सीख रहे थे। कस्बे के एक बाशिंदे ने बताया कि यह युवक रावतसर के अंदर तथा साथ लगती कालोनियों की खाली सड़कों पर तीन-चार दिन से कार ड्राइविंग सीख रहे थे, लेकिन कल देर रात को मेगा हाईवे पर कार ड्राइविंग के लिए चले गए। 
सुबह लगभग चार बजे लक्खूवाली से वापस रावतसर आते समय कस्बे से 3 किमी दूर भादू पेट्रोल पंप के पास सामने से सीमेंट के थैले लेकर आ रहे ट्रक ट्रेलर से भीषण भिड़त हो गई।

Desk Team