राजस्थान के सीकर जिले के खाटू श्याम मंदिर में नए साल की तैयारियां जोरों पर है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए खाटू श्याम मंदिर पहुंच रहे है। ऐसे में नववर्ष के विशेष अवसर पर श्याम मंदिर कमेटी और प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 30 दिसंबर 2024 से 3 जनवरी 2025 तक वीआईपी दर्शनों की व्यवस्था पूरी तरह बंद रखने की घोषणा की है। श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह चौहान ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस दौरान प्रशासन और मंदिर कमेटी का सहयोग करें और किसी भी विशेष दर्शन व्यवस्था के लिए संपर्क न करें।
मंदिर कमेटी का फैसला
उन्होंने कहा कि प्रशासन और मंदिर कमेटी ने दो दिन पहले ही इस संदर्भ में एक विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया था कि इन दिनों किसी भी प्रकार की पृथक वीआईपी दर्शनों की व्यवस्था उपलब्ध नहीं होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। भक्तों से अनुरोध किया जाता है कि वे नियमों का पालन करें और मंदिर प्रबंधन का सहयोग करें। श्याम भक्त कतार में लगकर दर्शन करें। भक्तों के सुगम दर्शनार्थ बैरिकेडिंग, जल, चिकित्सा, सुरक्षा व्यवस्था के लिए होम गार्ड तैनात रहेंगे। मैं गुजारिश करता हूं कि इस नए साल के मौके पर आतिशबाजी से बचें और प्रदूषण नहीं फैलाएं।
श्रद्धालुओं के लिए तमात व्यवस्थाएं
वीआईपी दर्शन व्यवस्थाओं को बंद करने की अपील करने के बाद वीआईपी दर्शन को बंद कर दिया गया है। जिसके चलते लाला मांगीराम धर्मशाला के पास और बाबा पार्किंग के पास खालीपन नजर आया। एक पुलिस अधिकारी भुवन भूषण ने कहा कि भक्तों के सुगम दर्शन के लिए तमाम तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके मद्देनजर बड़े पैमाने पर सुरक्षा बल को तैनात किया गया है, ताकि, शांति और व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। स्थानीय प्रशासन और मंदिर कमेटी ने फैसला लिया है कि इस बार नववर्ष पर विशेष दर्शन की व्यवस्था नहीं होगी। यह निर्णय भक्तों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि, भक्तों को सुगम दर्शन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए तमाम अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।


Download Android App
Download iOS App



