राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि देश में आगामी चुनाव में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार बनने पर मोदी सरकार द्वारा की गई नोटबंदी की जांच कराई जाएगी। अशोक गहलोत ने बाड़मेर रवाना होने से पहले पत्रकारों से कहा कि देश में संप्रग की सरकार बनी तो नोटबंदी की पूर्ण जांच होगी।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के समय कहा गया था कि इससे ब्लैक मनी खत्म हो जाएगी, आतंकवाद खत्म हो जाएगा, लेकिन देश को इसका कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इसका फायदा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जरुर हुआ।
उन्होंने कहा कि मोदी सिर्फ और सिर्फ जुमलेबाजी के साथ वादे करना जानते हैं। उन्हें वादे निभाना नहीं आता। वादे निभा नहीं पाते तो चुनाव के वक्त वापिस राम मंदिर, हिन्दूत्व की बात करते हैं। ये हिन्दुत्व की बात करते है, क्या हम हिन्दू नहीं है? उन्होंने कहा कि सरकारी आकड़े देख सकते हो, पिछले वर्षों में आतंकवाद देश पर हावी हुआ है, शहीदों की संख्या में बढ़त्तरी हुई है।
कांग्रेस मुक्त भारत की बात करने वाले खुद मुक्त हो जायेंगे : अशोक गहलोत
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकवादी हमला भी लापरवाही के चलते हुआ। अशोक गहलोत ने कहा कि मीडियाकर्मी हमारी कवरेज के लिए रात-दिन तैयार रहते हैं, सत्य भी जानते हैं, लेकिन मोदी ने ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं कि मीडिया सत्य छाप नहीं सकता। सीबीआई, ईडी, इन्कम टैक्स आदि संस्थाओं के जरिये लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया पर प्रहार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हर हाल में चौथे स्तंभ को कहने की आजादी मिलनी चाहिए। जब कलम सत्य का साथ छोड़ती है तो देश के लिए खतरा बढ़ जाता है। इस अवसर पर चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, ऊर्जा मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला, लोकसभा सीट से बीकानेर के कांग्रेस प्रत्याशी मदनगोपाल मेघवाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी तथा अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App




