बीजेपी विधायक ज्ञानदेव आहूजा के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल के दौरान एक रैली में अपने समर्थकों को कथित तौर पर रूपये वितरित करने के आरोप में सोमवार को आचार संहिता के उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज की गई है। सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी ज्ञानदेव आहूजा के खिलाफ नामांकन के समय आयोजित रैली के दौरान कथित तौर पर रुपये वितरित करने के संबंध में एक वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की गई।
सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी जगत राजेश्वर ने बताया कि प्राथमिकी बनीपार्क थाना में जनप्रतिनिधि अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सोमवार को दर्ज की गई। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार ज्ञानदेव आहूजा के वर्तमान में विधायक होने के कारण नियमानुसार इस प्रकरण की जांच सीआईडी (सीबी) द्वारा की जायेगी। इसलिए प्राथमिकी सीआईडी (सीबी) के पुलिस अधीक्षक को भिजवाई जाएगी।
अलवर के रामगढ़ से तीन बार विधायक रह चुके ज्ञानदेव आहूजा को इसबार बीजेपी की ओर से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने जयपुर की सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है। बीजेपी विधायक ने 2013 के विधानसभा चुनाव में रामगढ़ से जीत दर्ज की थी, लेकिन पार्टी ने इस बार उन्हें रामगढ़ से टिकट नहीं दिया।


Download Android App
Download iOS App




