ICU में भर्ती महिला मरीज से नर्सिंगकर्मी ने की अश्लीलता, पेपर पर लिखकर पीड़िता ने बताई आपबीती

Summary :

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी ने बार-बार पिंच करके देखा और उसके बाद महिला के साथ अश्लीलता करने लगा। नर्सिंगकर्मी की इस हरकत की वजह से महिला मरीज रातभर रोती रही।

राजस्थान की राजधानी जयपुर से शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती महिला से नर्सिंगकर्मी द्वारा अश्लीलता की गई। महिला का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद उसके मुंह पर ऑक्सीजन मास्क लगा था और दोनों हाथ बंधे हुए थे। पुलिस के अनुसार महिला मरीज ने अपने बयान में छेड़छाड़ की बात कही है, जो बलात्कार की श्रेणी में आता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी ने बार-बार पिंच करके देखा और उसके बाद महिला के साथ अश्लीलता करने लगा। नर्सिंगकर्मी की इस हरकत की वजह से महिला मरीज रातभर रोती रही। सुबह होने पर जब पीड़िता ने रात की घटना के बारे में अस्पताल की महिला नर्स को बतानी चाही तो आरोपी ने धमकाकर चुप करा दिया। 
उसके बाद पीड़ित ने अपने पति को लिखकर आपबीती बताई। पति ने रिपोर्ट में बताया कि सोमवार को उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने पर शैल्बी हॉस्पिटल लेकर गए थे। जहां डॉक्टरों ने शाम तक उनका ऑपरेशन कर दिया। रात करीब 8 बजे ICU में शिफ्ट करने के बाद हॉस्पिटल प्रशासन ने बताया कि आप साथ नहीं रुक सकते। जरूरत पड़ेगी तो बुला लेंगे।
इसके बाद महिला के पति घर बच्चों के पास चले गए। सुबह जब लौटे तो पत्नी ने रोते हुए कुछ बताने के लिए इशारा किया। तब भी उनके मुंह पर ऑक्सीजन मास्क लगा हुआ था। तब पति ने पेन और कागज दे दिया। पीड़िता ने इसमें अपने साथ हुई घटना के बारे में लिखा। तब जाकर इस मामले का खुलासा हुआ।
घटना की जांच कर रहे डीसीपी ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने ड्यूटी चार्ट व सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली है और मामले की जांच भी शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी आगरा रोड पर रहता था। 
लोकेशन के आधार पर दबिश देकर पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। जांच अधिकारी ने कहा कि आईसीयू में दो कमरें हैं, एक में महिला नर्स थी दूसरे में मुख्य आरोपी खुशीराम था। पुलिस ने कहा कि इसमें बाकी लोगों की भूमिका की जांच के लिए सीसीटीवी फुजेट खंगाले जा रहे हैं।

Desk Team