Jaipur Thar Accident CCTV Video: राजस्थान की राजधानी जयपुर से गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। जिसका एक भयानक CCTV वीडियो भी सामने आया है। यह दुर्घटना 31 अगस्त को मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के नीचे एक चौराहे की है। सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लाल था। इसी दौरान तेज स्पीड थार बिना रुके आगे बढ़ती है। सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार टक्कर हो जाती है। टक्कर लगते ही थार का बैलेंस बिगड़ जाता है और वह पलटते हुए सड़क किनारे पहुंच जाती है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान वहां से गुजर रहा ई-रिक्शा भी उसकी चपेट में आ जाता है। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। थार की टक्कर के बाद ई-रिक्शा में सवार तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत घायलों की मदद के लिए दौड़े।
कांग्रेस नेता की पत्नी की कार से टक्कर
जिस कार से थार की टक्कर हुई, वह कांग्रेस के पूर्व मंत्री और विधायक अशोक चांदना की पत्नी की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय इस कार को कांग्रेस नेता के रिश्तेदार चला रहे थे। CCTV में साफ नजर आ रहा है कि थार सिग्नल लाल होने के बावजूद चौराहे में एंट्री करती है। इसके बाद सामने से आ रही कार से उसकी सीधी टक्कर हो जाती है। लेकिन हादसे से जुड़े सभी सबूतों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही पूरी तरह हो सकेगी।
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल थार ड्राइवर को लेकर है। टक्कर के बाद ड्राइवर मौके पर नहीं रुका और गाड़ी को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से ड्राइवर की पहचान करने और उसके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है। आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ली जा रही है।
CCTV के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही पुलिस
पुलिस हादसे की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। जांच में CCTV फुटेज को अहम सबूत माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय थार की स्पीड कितनी थी और ड्राइवर ने रेड लाइट के बावजूद गाड़ी क्यों नहीं रोकी ।
फिलहाल फरार ड्राइवर की तलाश जारी है। वहीं, हादसे में घायल ई-रिक्शा सवार तीन लोगों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: जयपुर के जिस स्कूल का CJP ने किया दौरा, उस पर चला बुलडोज़र, जानें क्या है वजह


Download Android App
Download iOS App




