राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने पिछले महीने दर्जी कन्हैया लाल की हत्या के सिलसिले में राजस्थान के उदयपुर जिले में नौ जगहों पर मंगलवार को तलाशी ली।
एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मामले में आरोपियों और संदिग्धों के परिसरों में आज तलाशी के दौरान डिजिटल उपकरण (मोबाइल फोन, लैपटॉप और सिम कार्ड) तथा अपराध से संबंधित अन्य सामग्री जब्त की गयी है। मामले में आगे की जांच जारी है।’’
कन्हैया लाल (48) की पिछले महीने हत्या कर दी गयी थी। रियाज अख्तरी और गौस मोहम्मद ने एक वीडियो ऑनलाइन पोस्ट कर कहा था कि उन्होंने इस्लाम के कथित अपमान का बदला इस हत्या से लिया है। एनआईए ने 29 जून को इस मामले में जांच संभाली थी।
इन दोनों के खिलाफ सबूत के तौर पर खुद का बनाया वीडियो है। इनके अलावा सुरक्षा एजेंसियों ने दो और लोगों- मोहसिन और आसिफ की पहचान की, जिन पर कथित तौर पर लोगों के बीच आतंक फैलाने की साजिश का हिस्सा होने का आरोप है।
दो और व्यक्तियों – मोहम्मद मोहसिन और वसीम को बाद में आपराधिक साजिश का हिस्सा होने और दर्जी की दुकान की रेकी करने में दो मुख्य आरोपियों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सातवां आरोपी फरहाद मोहम्मद शेख इस मामले में गिरफ्तार होने वाला अंतिम व्यक्ति था।
जयपुर की एक अदालत ने मंगलवार को रियाज अख्तरी, गौस मोहम्मद और फरहाद मोहम्मद शेख की पुलिस हिरासत शनिवार तक के लिए बढ़ा दी और बाकी चार आरोपियों को एक अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सभी आरोपियों को मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच एनआईए अदालत के समक्ष पेश किया गया।


Download Android App
Download iOS App



