माघी पूर्णिमा स्नान: श्रद्धालुओं की भीड़ से प्रयागराज में ट्रैफिक जाम

Summary :

श्रद्धालुओं की भीड़ से प्रयागराज में यातायात व्यवस्था चरमराई

संगम नगरी प्रयागराज में महाकुंभ के अवसर पर माघ पूर्णिमा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात के कड़े नियम लागू किए हैं, लेकिन इसके बावजूद लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जाम की समस्या बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों और बाहर से आए श्रद्धालुओं को खासी दिक्कत हो रही है। न्यूज एजेंसी आईएएनएस से लोगों ने अपने अनुभव साझा किए।

राजस्थान से आए कृष्ण कुमार ने बताया, “यहां भीड़ बहुत ज्यादा है। सरकार ने व्यवस्थाएं तो कर रखी हैं, लेकिन फिर भी हालात बहुत मुश्किल हो गए हैं। हमने दो महीने पहले ट्रेन में रिजर्वेशन कराया था, फिर भी हमें पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। हमें खड़े होकर सफर करना पड़ा। यहां पहुंचने के बाद भी समस्या बनी रही। ट्रेन से उतरने के बाद गाड़ी वाले मनमाने दाम वसूल रहे हैं।

एक महिला ने कहा, “यहां सवारी गाड़ियों की बहुत समस्या है। बुजुर्गों के लिए कोई साधन नहीं है। न ही रास्ता पता चलता है। हम कहां और किस तरफ जा रहे हैं, कुछ पता ही नहीं चलता है। कुछ समझ ही नहीं आ रहा है। बहुत भीड़ है।”दिल्ली से आए एक श्रद्धालु ने कहा, “यहां सवारी गाड़ियों की भारी किल्लत है। इसके अलावा काफी मिस मैनेजमेंट भी देखने को मिल रहा है। किराया बहुत ज्यादा लिया जा रहा है, लेकिन सुविधाएं नाममात्र ही हैं। सरकार ने इस अव्यवस्था को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं।” एक महिला श्रद्धालु ने कहा, “बुजुर्गों के लिए कोई साधन नहीं है। न ही रास्ते की सही जानकारी मिल रही है। इतनी ज्यादा भीड़ है कि कुछ समझ में ही नहीं आ रहा है कि हम कहां जा रहे हैं।

हालांकि, कुछ लोग सरकार की तैयारियों से संतुष्ट भी नजर आए। एक व्यक्ति ने कहा, “सरकार ने यहां काफी इंतजाम किए हैं, लेकिन भीड़ इतनी अधिक है कि व्यवस्था संभालना मुश्किल हो रहा है। प्रशासन ने ट्रैफिक नियमों को सख्त किया है, लेकिन इतनी अधिक भीड़ के आगे सभी व्यवस्थाएं छोटी पड़ गई हैं।

महाकुंभ में हर दिन लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे सड़कों पर जाम लगना आम हो गया है। स्थानीय प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है कि किसी को असुविधा न हो। अनुमान है कि आज करीब ढाई करोड़ लोग स्नान कर सकते हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.