राजस्थान में कोरोना वायरस के मामले पहले की तुलना में काफी कम सामने आ रहे है। यहां पर कोविड-19 काबू में है। इसी के मद्देनजर राजस्थान सरकार ने लॉकडाउन में छूट देने के बाद जयपुर समेत कई शहरों में मॉल, रेस्टोरेंट, जिम एवं पर्यटन स्थलों के खुलने से आज रौनक और बढ़ गई। रेस्टोरेंट मॉल-खुलने से लोग बहुत खुश है। दुकानदारों को उम्मीद है कि लॉकडाउन के बाद अब उनकी बिक्री बढ़ेगी।
राज्य सरकार ने त्रि-स्तरीय जनअनुशासन मॉडिफाइड लॉकडाउन-2 की गाइडलाइन में और छूट देने से बुधवार को जयपुर के बड़े शॉपिंग काम्पलैक्स एवं मॉल, रेस्टोरेंट, जिम, स्मारक एवं संग्रहालय तथा खेलकूद की गतिविधियों के लिए स्टेडियम के खुलने से लोगों की आवाजाही बढ़ गई। इन स्थलों के खुलने से सड़कों पर यातायात भी बढ़ गया और लोगों की चहल कदमी से बाजारों में भीड़ एवं रौनक लौटने लगी है। कोरोना के चलते ये पिछले करीब दो महीनों से बंद थे।
मॉल एवं रेस्टोरेंट खुलने से जहां व्यापारियों में खुशी लहर हैं वहीं स्टेडियम एवं पर्यटन स्थलों के खुलने से बच्चों, युवा एवं घूमने के शौकीन लोग भी काफी प्रसन्न नजर आ रहे हैं। हालांकि शॉपिंग काम्लैक्स एवं मॉल के सुबह नौ बजे से अपराह्न चार बजे तक खुलने की छूट मिलने से व्यापारी लोग थोड़े खुश कम नजर आये। व्यापारियों का कहना है कि ऐसी जगहों पर लोग छुट्टी के दिन रविवार एवं शाम को खरीददारी के लिए ज्यादा निकलते हैं जबकि रविवार को वीकेंड कर्फ्यू रहेगा।
जयपुर में प्रमुख पर्यटन स्थल जंतर-मंतर, अल्बर्ट हॉल, हवामहल, आमेर किला आदि पर्यटकों के लिए खुल गए। इन सभी जगहों को लोगों के लिए खोलने से पहले सेनेटाइज किया गया है। हालांकि आज कम लोग ही आये।उल्लेखनीय है कि राजस्थान में कोरोना के नये मामले घटकर दो सौ से कम पहुंच गये हैं वहीं इसके सक्रिय मरीजों की संख्या भी छह हजार से नीचे आ गई। इससे पहले कोरोना के कम होने से गत आठ मई से लॉकडाउन में काफी छूट देने से बाजारों में रौनक देखने को मिली वहीं दस जून से रोडवेज एवं अन्य बसों के संचालन से भी लोगों की आवाजाही बढ़ा ।


Download Android App
Download iOS App



