राजस्थान में कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, करीब सवा घंटे तक चली इस बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी अजय माकन भी मौजूद थे। यह बैठक कांग्रेस कार्यसमिति की मीटिंग के बाद राहुल गांधी के आवास पर बुलाई गई थी। बता दें कि राजस्थान कैबिनेट में फिलहाल 21 मंत्री हैं, जिनमें से 11 कैबिनेट और 10 स्वतंत्र प्रभार मंत्री हैं। जबकि राजस्थान में मंत्रिमंडल का विस्तार अधिकतम 30 सदस्यों तक किया जा सकता है।
कुछ विशेष नहीं था, यह सामान्य बैठक थी : अजय माकन
राजस्थान कांग्रेस में मची कलह के बीच कैबिनेट विस्तार की मांग लगातार उठाई जा रही है। बीते दिनों कांग्रेस के खिलाफ बगावत पर उतर चुके सचिन पायलट के समर्थक मंत्रिमंडल में उन्हें शामिल करने की मांग कर रहे हैं। राहुल और गहलोत कि इस बैठक के बारे में पूछे जाने पर माकन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कुछ विशेष नहीं था। यह सामान्य बैठक थी।’’ माना जा रहा है कि इस बैठक में संभावित कैबिनेट विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई है। राजस्थान में गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच तनातनी से जुड़ा विवाद पिछले कई महीनों से चल रहा है। पायलट गुट की मांग रही है कि उन्हें मंत्रिमंडल विस्तार और बोर्डों-निगमों की नियुक्तियों में सम्मानजनक हिस्सेदारी दी जाए।
जुलाई महीने में पायलट ने दिखाए थे बगावती तेवर
बता दें कि सचिन पायलट ने जुलाई महीने में कांग्रेस के खिलाफ बगावत कर दी थी। पार्टी की यह अंदरूनी कलह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के गुट के बीच था। इसी बीच 18 विधायकों के साथ पायलट दिल्ली पहुंच गए थे और बागी तेवर दिखाए थे। पायलट के इस कदम से राजस्थान की गहलोत सरकार पर भी खतरा मंडराने लगा था, क्योंकि कांग्रेस की संख्या घटकर 88 हो गई। इसके बाद कांग्रेस ने भी सचिन पायलट के खिलाफ एक्शन लिया था और उन्हें डिप्टी सीएम पद से हटा दिया गया था। लंबे टकराव के बाद पायलट वापस लौट आए, लेकिन उनके समर्थक लगातार मंत्रिमंडल विस्तार की मांग उठा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



