भारतीय वायुसेना का एक मिग-21 बाइसन लड़ाकू विमान राजस्थान में बीकानेर के पास शुक्रवार को कथित तौर पर एक पक्षी से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, विमान का पायलट सुरक्षित बाहर निकल आया। वायुसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि मिग विमान अपने नियमित मिशन पर था और बीकानेर के नाल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
प्रवक्ता ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान के उड़ान भरने के दौरान किसी पक्षी के टकराने के कारण विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। एक जांच आयोग दुर्घटना के कारणों की जांच करेगा। विमान के उड़ान भरने के कुछ समय बाद उसने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से अपना संपर्क खो दिया। इसके मलबे बीकानेर के पास शोभासार गांव के निकट गिरे। गांव के लोगों ने मामले की सूचना स्थानीय प्रशासन, वायुसेना अधिकारियों व पुलिस को दी। उन्होंने पायलट को पैराशूटिंग के जरिए निकलते हुए देखा।


Download Android App
Download iOS App



