अयोध्या मामले पर उच्चतम न्यायालय के फैसले के मद्देनजर राजधानी जयपुर सहित राजस्थान के कई हिस्सों में रविवार को भी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रही। शीर्ष अदालत ने अयोध्या मामले पर शनिवार को फैसला सुनाया था जिसके मद्देनजर प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जयपुर सहित राज्य के कई हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी थी।
संभावित अफवाहों को रोकने के लिये कल मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को बंद किया गया था। मोबाइल इंटरनेट सेवाएं रविवार को भी बंद रही। पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) एम एल लाठर ने बताया कि मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को फिर से शुरू करने का निर्णय सोमवार को समीक्षा के बाद लिया जायेगा।
मोबाइल इंटरनेट सेवाओं के बंद होने के कारण कैब सेवाओं, फूड डिलीवरी सेवा और टिकट बुकिंग सहित कई तरह की ऑनलाइन सेवाएं बाधित रही। वहीं पूरे राज्य में स्थिति सामान्य रही। लाठर ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। राज्य में कहीं भी किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई।


Download Android App
Download iOS App



