भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि मोदी ने पिछले पांच साल में ‘भ्रष्टाचार को वेंटीलेटर’ पर और ‘विकास को एक्सेलरेटर’ पर ला कर खड़ा किया है । इसके साथ ही बीते पांच साल में समाज के सभी वर्गों को तरक्की के समान अवसर मुहैया कराना मोदी सरकार की एक बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
नकवी शनिवार को जयपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी रामचरण बोहरा के पक्ष में आयोजित सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन पांच वर्षों में विकास के मसौदे को वोट के सौदे के संकीर्ण राजनैतिक चक्रव्यूह से बाहर निकाल कर समाज के सभी जरूरतमंदों को ‘तरक्की के समान अवसर’ उपलब्ध कराये हैं।”
नकवी ने कहा कि समाज का कोई वर्ग यह नहीं कह सकता कि जाति-धर्म-क्षेत्र या राज्य के आधार पर उसके विकास में भेद-भाव हुआ हो, सभी को सामाजिक-आर्थिक-शैक्षिक विकास के समान अवसर मुहैया कराये गए हैं। उन्होंने कहा,’ मोदी ने पिछले पांच साल में ‘भ्रष्टाचार को वेंटीलेटर’ पर और ‘विकास को एक्सेलरेटर’ पर ला कर खड़ा किया है जिसके चलते ‘घोटालों के गुरुघंटाल’ घुटन महसूस कर रहे हैं।’
मुख्तार अब्बास नकवी को आपत्तिजनक भाषण के लिए चुनाव आयोग ने दी चेतावनी
नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले पांच वर्षों के दौरान सरकार के स्थायित्व ही नहीं बल्कि इकबाल का भी दशकों बाद एहसास कराया है। मोदी सरकार ने पांच वर्षों में ‘पालिसी पैरालिसिस’ को ख़त्म कर आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति को ध्यान में रख कर कड़े और बड़े सुधारवादी फैसले लिए हैं। मोदी सरकार, ‘इकबाल, इंसाफ और ईमान की सरकार’ साबित हुई है।
नकवी ने कहा, “कांग्रेस, देश में कॉन्ट्रैक्ट प्राइम मिनिस्टर चाहती है न कि परफेक्ट प्राइम मिनिस्टर। कांग्रेस ऐसी सरकार चाहती है जिसे वह ‘रिमोट’ से चला सके। लेकिन देश परफेक्ट प्राइम मिनिस्टर चाहता है।”


Download Android App
Download iOS App




