विपक्ष की स्पष्ट नीति और एक नेता नहीं होने पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कहा कि पहले तो विपक्षी गठबंधन की सरकार बनेगी नहीं और यदि बनती है तो देश को रोज एक नया प्रधानमंत्री मिलेगा। रीवा के गोविन्दगढ़ में एक आमसभा में शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जो गठबंधन लेकर चली है, उसके नेता का ही पता नहीं है। इस गठबंधन की सरकार आई तो देश को सप्ताह में हर रोज एक नया प्रधानमंत्री देखने को मिलेगा।
शाह ने सवाल किया कि रीवा वालों कोई देश ऐसे चल सकता हैं क्या। देश को एक मजबूत नेता चाहिये। देश को मजबूर नेता और मजबूर सरकार नहीं चाहिये बल्कि एक मजबूत नेता और मजबूत सरकार चाहिये।
उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस की सरकार गरीबों का भला, आतंकवाद का मुकाबला, और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे सकती है क्या। अगर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे सकते हैं तो हमारे नेता नरेन्द्र मोदी ही दे सकते हैं। रीवा लोकसभा से भाजपा के उम्मीदवार सांसद जर्नादन मिश्रा हैं जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार सिद्धार्थ तिवारी हैं। यहां छह मई को मतदान होगा।
मोदी और राजनाथ की जोड़ी ने देश को किया सुरक्षित : अमित शाह
नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुला के जम्मू कश्मीर के लिये अलग प्रधानमंत्री होने के बयान पर शाह ने कहा कि राहुल बाबा ने अब तक इस बयान पर कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस कश्मीर को हिन्दुस्तान से अलग करना चाहते हैं लेकिन मोदी सरकार यह कभी नहीं होने देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जेएनयू परिसर में देश विरोधी नारे लगाने वालों का कांग्रेस पक्ष लेती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसे नारे लगाने वालों को जेल नहीं जाना चाहिये।
शाह ने आरोप लगाया कि पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर जब पूरा देश खुशी मना रहा था लेकिन पाकिस्तान और कांग्रेस नेताओं के यहां मातम छाया हुआ था। इनको (कांग्रेस) अपने वोट बैंक के खिसकने का डर सता रहा था। उन्होंने जनता से कहा,”आप विकास कार्यों के लिये भाजपा उम्मीदवार को वोट न दें लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश को सुरक्षित करने के लिये भाजपा के पक्ष में जरुर वोट करें।”


Download Android App
Download iOS App




