राजस्थान : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चुनाव में किये वायदे भूल जाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में किसानों का कर्ज माफ करने की प्रक्रिया चल रही है और निश्चित रुप से कर्ज माफ होगा। श्री गहलोत ने आज यहां मीडिया से कर्जमाफी एवं बेरोजगार भत्ते को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किये जा रहे विरोध प्रदर्शन के सवाल पर कहा कि श्री मोदी पिछले चुनाव में वायदे कर भूल गये और जनता से किये वायदों में विदेशों से कालाधन लाने सहित किसी वायदे पर काम नहीं हुआ और केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई), ईडी आदि संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा हैं।
उन्होंने कहा कि इससे देश में घृणा एवं अविश्वास का माहौल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कहते हैं कि उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं हैं, उनकी लड़ई राजनीति में नीतियों एवं सिद्धांतों को लेकर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनाव के समय जन सभाओं में दस दिन में कर्ज माफ करने की घोषणा की थी और इसके तहत कांग्रेस की सरकार बनते ही घोषणा कर दी गई है और कर्ज माफ करने के लिए प्रक्रिया चल रही हैं। निश्चित रहे, जो कहा है, वह हो के रहेगा। श्री गहलोत ने कहा कि उनका प्रयास है कि राज्य की कर्जमाफी की देश की सबसे अच्छी योजना बनकर सामने आये और जिन किसानों ने ऋण लिया और समय पर चुकाया भी, उनको भी इसका लाभ मिले इसके लिए अन्य राज्यों की योजना का अध्ययन भी कराया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



