कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा सोमवार को संक्षिप्त यात्रा पर जयपुर पहुंची। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी पांच राज्यों के चुनावों के बाद के प्रबंधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ चर्चा करेंगी। प्रियंका गांधी कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला के साथ यहां पहुंचीं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, गुजरात कांग्रेस के प्रमुख डॉ. रघु शर्मा ने जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनकी आगवानी की।
कांग्रेस नेता का जयपुर में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। जयपुर हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘उम्मीद है कि जनता ने सोच समझकर वोट किया होगा। जनता सही निर्णय लेगी।’’ उत्तर प्रदेश में अन्य पार्टियों के साथ गठबंधन पर पूछे गये सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘अभी जब परिस्थितियां बनेगी तभी तो देखेंगे क्या होता है.. चुनाव के परिणाम आयेंगे उसके बाद पता चलेगा।’’
जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए है वहां से पार्टी विधायकों को राजस्थान लाये जाने की अफवाहों पर प्रियंका गांधी ने कहा कि यह तो भविष्य की बात है। जयपुर हवाई अड्डे से प्रियंका गांधी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ एक कार में होटल के लिए रवाना हुईं।


Download Android App
Download iOS App



