Pushkar Sarovar Snake Rescue : राजस्थान के अजमेर में स्थित प्रसिद्ध पुष्कर सरोवर के घाट पर उस समय कौतूहल और भीड़ जुट गई, जब पानी के किनारे एक सांप बेहद असहज और परेशान हालत में रेंगता हुआ दिखाई दिया। सांप की असामान्य हरकतें देख स्थानीय लोगों ने तुरंत ‘एनिमल केयर सोसायटी’ को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद संस्था की टीम रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंची।
Snake Ring Removal Case : रेस्क्यू टीम पहुंची
घाट पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने जब सांप को करीब से देखा तो वे हैरान रह गए। सांप के शरीर के बीच वाले हिस्से में चांदी की एक अंगूठी फंसी हुई थी, जो उसकी त्वचा में कस गई थी। इसी वजह से वह बुरी तरह तड़प रहा था। टीम के सदस्यों के मुताबिक, उनके सामने आज तक इस तरह का कोई अजीबोगरीब मामला नहीं आया था।
Silver Ring Snake Incident : तेल से भी नहीं निकली अंगूठी
एनिमल केयर सोसायटी के सदस्यों ने सबसे पहले सांप को काबू में किया। इसके बाद उसके शरीर पर तेल लगाया गया ताकि अंगूठी फिसल कर बाहर निकल सके, लेकिन सफलता नहीं मिली। दरअसल, सांप ने हाल ही में सरोवर के भीतर मछलियों का शिकार किया था, जिससे उसका पेट और शरीर का वह हिस्सा काफी मोटा हो गया था। कसी होने के कारण अंगूठी रेंगने के साथ उसकी त्वचा में और धंसती जा रही थी।
जब मौके पर अंगूठी निकालना नामुमकिन हो गया, तो संस्था के सदस्य रोहित प्रिंस ने सूझबूझ दिखाई। उन्होंने सांप को बेहद सावधानी से एक वेंटिलेटेड प्लास्टिक के डिब्बे में बंद किया और सीधे कस्बे के एक जौहरी (ज्वेलर) की दुकान पर ले गए। वहां ज्वेलर के बारीक औजारों की मदद से बेहद सतर्कता के साथ चांदी की अंगूठी को काटा गया और सांप को इस दर्द से आजाद कराया गया।
कैसे फंसी अंगूठी?
इस अनोखे मामले को लेकर वन्यजीव एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि पुष्कर सरोवर में अक्सर श्रद्धालु और भक्त मन्नत या धार्मिक परंपरा के तहत सोने-चांदी के आभूषण दान करते हैं। संभवतः जब यह सांप छोटा और काफी पतला रहा होगा, तब पानी के भीतर रेंगते समय यह अंगूठी उसके शरीर में फंस गई होगी। समय बीतने के साथ जब सांप बड़ा हुआ और सरोवर की मछलियां खाकर उसका आकार बढ़ा, तो वह अंगूठी उसके शरीर के लिए फंदा बन गई।
संस्था के सदस्य हेमंत रायता ने बताया कि अंगूठी की वजह से होने वाले असहनीय दर्द और सांस लेने में दिक्कत के कारण ही सांप पानी से बाहर आ गया था। उन्होंने कहा कि यह अपनी तरह का पहला और बेहद दुर्लभ मामला है। अगर सही समय पर स्थानीय लोग सूचना न देते और रेस्क्यू टीम ज्वेलर्स के पास लेकर नहीं पहुंचती, तो अंगूठी के कसने और इन्फेक्शन की वजह से सांप की मौत भी हो सकती थी। अंगूठी हटाए जाने के बाद अब सांप पूरी तरह सुरक्षित है।


Download Android App
Download iOS App




