राजस्थान में गहलोत सरकार की स्थिरता को लेकर कांग्रेस व भाजपा नेताओं के बीच जारी बयानबाजी के बीच भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपनी ही पार्टी के एक विधायक के बयान को देखना चाहिए कि राजस्थान में ‘हार्स ट्रेडिंग’ किसने की है?
पूनियां ने शुक्रवार को एक वीडियो ट्विटर पर साझा किया जिसमें कांग्रेस विधायक महेंद्रजीत मालवीय कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के दो विधायकों ने सरकार का समर्थन करने के लिए 10 करोड़ रुपये लिए।
मालवीय जनसभा में दिए अपने भाषण में कथित तौर पर कह रहे हैं कि बीटीपी के विधायकों ने राज्यसभा चुनाव व बाद के राजनीतिक संकट के दौरान कांग्रेस सरकार का समर्थन करने के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये लिए।
पूनियां ने वीडियो साझा करते हुए लिखा,‘‘हम बोलेंगे तो बोलोगे कि बोलता है… मुख्यमंत्री गहलोत जी ,घोड़ा खरीद या आपके शब्दों में बकरा मंडी जो भी है, पर कृपया प्रकाश डालें; भाषण देने वाले कांग्रेस के शीर्ष नेता आपकी बाडेबंदी के दौरान मेरे द्वारा उठाये गये सवालों की पुष्टि कर रहे हैं।’’ इस वीडियो व मालवीय के बयान के बारे में प्रतिक्रिया के लिए मालवीय व बीटीपी के विधायक रामप्रसाद और राजकुमार रौत से संपर्क नहीं हो सका।


Download Android App
Download iOS App



