राजस्थान में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का चुनाव करने के लिये पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक दल की प्रदेश मुख्यालय में बैठक पूरी हो चुकी है। अशोक गहलोत ने प्रस्ताव रखा कि सीएम पर फैसला हाईकमान लेगा। गहलोत के प्रस्ताव का सी. पी. जोशी और सचिन पॉयलेट ने भी समर्थन किया। मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में कांग्रेस विधायकों की राय जानने के लिये बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के पर्यवेक्षक के सी वेणुगोपाल मौजूद रहे।
वहीं राहुल गांधी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का अंतिम फैसला पार्टी अपने विधायकों व वरिष्ठ नेताओं की राय जानने के बाद करेंगे।मुख्यालय में एक तरफ अंदर बैठक चल रही है वहीं बाहर जिंदाबाद-मुर्दाबाद के नारे लगाए जा रहे है। सरकार बनाने के लिये कांग्रेस आज शाम अपना दावा पेश करेगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि पार्टी ने बहुमत प्राप्त किया है और अब सरकार बनायेगी। कांग्रेस मुख्यालय पर विधायक दल की बैठक से पूर्व संवाददाताओं से बातचीत में पायलट ने कहा कि हमने बहुमत प्राप्त किया है और हम सरकार बनाने का दावा आज शाम पेश करेंगे।
हम समान विचारधारा वाली गैर भाजपा पार्टियों/लोगों को साथ लेकर चलेंगे। हम ऐसे चुने हुए सदस्य जो बीजेपी की विचारधारा के विरूद्व हैं और हमें समर्थन देना चाहते हैं उनको साथ लेकर चलेंगे। जब उनसे मुख्यमंत्री पद के उम्मीरवार के बारे में पूछा गया तो पायलट ने कहा कि पार्टी के विधायक मुख्यमंत्री पद के नाम पर चर्चा करेंगे और अंतिम निर्णय पार्टी अध्यक्ष लेंगे।
मुख्यमंत्री पद के नाम की घोषणा आज शाम होने वाली विधायक दल की दूसरी बैठक में की जायेगी उसके बाद पार्टी के नेता राज्यपाल कल्याण सिंह से मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। वहीं कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने कहा कि आज शाम को तय हो जाएगा कि राजस्थान का मुख्यमंत्री कौन बनेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पर्यवेक्षक अविनाश पांडे और केसी वेणुगोपाल जयपुर आ चुके हैं और लगातार विधायकों से मिल रहे हैं। विधायकों से मीटिंग के बाद उनकी राय कांग्रेस आलाकमान के पास रखी जाएगी और हाईकमान का जो भी फैसला आएगा विधायकों को बता दिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



