कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों से चिंतित राजस्थान सरकार ने शनिवार रात को पड़ोसी राज्यों से लोगों के आवागमन को नियंत्रित करने का फैसला किया। इस नयी व्यवस्था के तहत राज्य से बाहर जाने वाले लोगों को जिला कलेक्टर सहित अन्य सक्षम अधिकारियों से पास लेना होगा।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार बीते कुछ दिनों में राज्य में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। राज्य सरकार के ध्यान में लाया गया है कि इसकी एक प्रमुख वजह राज्य की सीमाओं पर लोगों की निर्बाध आवाजाही है। इसको देखते हुए राज्य सरकार ने लोगों के अंतर्राज्यीय आवागमन को नियंत्रित करने का फैसला किया है।
इसके तहत पड़ोसी राज्यों से लगती सीमा पर चैक पोस्ट स्थापित की जाएंगी। सड़क मार्ग से निजी बस, टैक्सी या निजी वाहन से आने वाले लोगों की वहां स्क्रीनिंग होगी तथा उनके व्यक्तिगत पहचान पत्र जांचे जाएंगे। राज्य से बाहर जाने के लिए लोगों को सक्षम अधिकारी से पास लेना होगा। उल्लेखनीय है कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या शनिवार रात तक 23748 हो गयी जिनमें से 5376 रोगी उपचाराधीन हैं। राज्य में इस वायरस से 503 लोगों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



