राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि नवाचार और स्टार्टअप में देश का भविष्य बदलने की क्षमता है। उन्होंने आह्वान किया कि युवा नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता विकास की ओर प्रेरित हों, इसके लिए तकनीकी शिक्षण संस्थान अनुकूल माहौल और सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
मिश्र शुक्रवार को कूकस में आयोजित ‘ग्लोबल हैकथान-इनोवेशन एण्ड स्टार्टअप’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दौर में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार सहित तकनीक के सभी क्षेत्रों में नित नए बदलाव आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को इन तकनीकी बदलावों के लिए तैयार करते हुए नए-नए स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किये जाने की जरूरत है। मिश्र ने कहा कि देश की नई शिक्षा नीति में व्यवहारोन्मुखी एवं कौशल आधारित व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करने पर बल दिया गया है, ताकि विद्यार्थियों में विभिन्न विषयों की बुनियादी समझ तो विकसित हो ही, साथ ही वे उद्योगों की जरूरत के मुताबिक विषय-विशेष में पारंगत भी बन सकें।
उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे रोजगार खोजने के बजाय रोजगार देने वाले बनें। छोटे रूप में भी शुरू किया गया स्टार्टअप यदि कड़ी मेहनत, नवाचार और दूरगामी सोच के साथ संचालित किया जाए तो वह देशभर में पहचान बना सकता है।


Download Android App
Download iOS App



