राजस्थान: जोधपुर में बाजार बंद, बीकानेर अस्पताल अलर्ट पर

Summary :

राजस्थान में तनाव के बीच सुरक्षा इंतजाम कड़े

भारत-पाकिस्तान तनाव के चलते जोधपुर में बाजार बंद और बीकानेर अस्पताल अलर्ट पर हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से घर में रहने और समारोहों पर प्रतिबंध का आदेश दिया है। बीकानेर अस्पताल में आपातकालीन सुविधाएं तैयार हैं।

भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव का असर राजस्थान के कई जिलों में दिखाई देने लगा है। जोधपुर में जिला प्रशासन ने अगले आदेश तक बाजार बंद करने का निर्देश जारी किया है।जोधपुर के जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने जनता से अपील की है कि वर्तमान परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए लोग अपने-अपने घरों में रहें और बाहर न निकलें। साथ ही वे समूह में इकट्ठा न हों। जिला कलेक्टर ने आदेश में कहा कि सभी प्रकार के समारोह या आयोजनों पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जाता है। साथ ही सभी दुकानें और प्रतिष्ठान अगले आदेश तक बंद रहेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे सुरक्षा इंतजामात में सहयोग करें।कलेक्टर के इस आदेश के बाद जोधपुर के मुख्य बाजार बंद होने लगे हैं। साथ ही पुलिस की गाड़ियां इस आदेश की मुनादी कर रही हैं। इस दौरान शहर के पेट्रोल पंप पर गाड़ियों में तेल भरवाने के लिए लंबी-लंबी कतारें भी देखने को मिल रही हैं।

राजस्थान के परिक्षेत्र में जातिगत जनगणना स्वागत योग्य कदम : Jogaram Patel

बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल में सभी आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था उपलब्ध करवाई गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.के. सैनी ने बताया कि हमने सभी जरूरी तैयारियां कर ली है और सभी स्टाफ की छुट्टी भी कैंसिल कर दी है। हमने चिकित्सा उपकरण, ब्लड बैंक, दवाइयों सहित अतिरिक्त बेड, ऑक्सीजन आदि की पर्याप्त व्यवस्था कर रखी है। बीकानेर संभाग में कहीं भी आवश्यकता होने पर एंबुलेंस भी तैयार खड़े हैं।

डॉ. सैनी ने बताया कि हमने दानदाताओं से भी संपर्क कर लिया है और जरूरत पड़ने पर पर्याप्त फंड उपलब्ध हो सकेगा। हमने अतिरिक्त जगह की भी व्यवस्था की है और बीएसएफ तथा आर्मी से भी निरंतर संपर्क में हैं। हमें राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन ने भी हर समय अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। हमारी चिकित्सा टीम अलर्ट मोड पर काम कर रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.