राजस्थान पुलिस ने एक थाने पर गोलीबारी करके कुख्यात अपराधी को भगा ले जाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस महानिरीक्षक (जयपुर रेंज) एस सैंगाथीर ने बताया कि घटना के सिलसिले में विनोद स्वामी व कैलाश चंद्र उर्फ के सी गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
विनोद स्वामी बहरोड़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को कुछ हथियारबंद लोगों ने अलवर जिले के बहरोड़ थाने में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी की और कुख्यात अपराधी विक्रम गुर्जर उर्फ पपला को लेकर भाग गए। वहीं इस घटना के बाद बहरोड़ पहुंचे पुलिस महानिदेशक भूपेंद्र सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि इस बारे में राजस्थान की पुलिस हरियाणा की पुलिस के साथ मिलकर काम कर रही है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले में बाकी आरोपियों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। पुलिस के बयान के अनुसार शुक्रवार को विक्रम गुर्जर उर्फ पपला गैंग के सदस्यों ने पुलिस थाने पर हमला व गोलीबारी की और वहां की हवालात में बंद पपला को छुड़ाकर भाग गए। विक्रम गुर्जर कुख्यात गैंगस्टर है जिसके खिलाफ हत्या, अवैध हथियार के आठ प्रकरण हैं। हरियाणा की पुलिस ने उस पर एक लाख रूपये का इनाम भी रखा है। इस प्रकरण की जांच विशेष कार्यबल (एसओजी) कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



