जयपुर : राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार की तीसरी वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। श्रीमती राजे ने कहा कि श्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत एक नए रूप में विकास के पथ पर तेजी से बढ़ रहा है। पूरी दुनिया में हमारी एक महाशक्ति के रूप में स्थायी पहचान कायम हुई है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब और किसान के उत्थान के जो प्रयास पिछले तीन साल में हुए उनसे भारत की तस्वीर बदली है। उन्होंने कहा कि विमुद्रीकरण जैसे ऐतिहासिक निर्णय से भ्रष्टाचार पर कड़ी चोट हुई है। बैंकों के एकीकरण तथा जीएसटी कानून जैसे कदमों से भी देश की अर्थव्यवस्था को नई पहचान एवं मजबूती मिली है। साथ ही, उज्ज्वला जैसी योजनाएं गांव के विकास और अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास साबित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश को जवाबदेह सुशासन दिया है। हाल ही में उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणाम से यह स्पष्ट हो गया है कि देश की जनता ने इस सुशासन को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि विश्व में आर्थिक मंदी के बावजूद प्रधानमंत्री की प्रभावी नीतियों और बेहतरीन आर्थिक प्रबन्धन के चलते भारत ने लगातार आर्थिक वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन की महत्वाकांक्षी जन-धन योजना की सभी ने सराहना की है।
केंद्र सरकार अपने सभी वादों, इरादों और जनता की आशाओं पर पूरी तरह खरी उतरी है। श्रीमती राजे ने कहा कि सांस्कृतिक, राजनीतिक, रणनीतिक और आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरता हुआ भारत केंद्र सरकार की तीन साल की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अमेरिका, अफगानिस्तान और अन्य देशों के साथ मजबूत होते रिश्तों ने भारत की विश्व पटल पर नई छवि स्थापित की है और पूरी दुनिया हमारा लोहा मान रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई बुलंदियां छुएगा।
– वार्ता


Download Android App
Download iOS App



