कांग्रेस नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने नये कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि वह बहुमत के आधार पर मनमानी नहीं कर सकती और उसे देश भर की जनता की आवाज सुनते हुए इन कानूनों को तत्काल वापस लेना चाहिए।
पायलट ने दौसा में संवाददाताओं से कहा कि भाजपा वालों ने,‘‘ किसान से आमदनी दोगुनी करने का वादा किया था लेकिन जब उस पर संकट आया तो पूरी पार्टी किसानों के खिलाफ खड़ी है। आज पूरे देश का किसान भाजपा को उसके चुनावी वादे याद दिलाना चाहता है।’’
पायलट के कहा,‘‘ केंद्र सरकार को अपना अहम छोड़ना चाहिए, बहुमत के आधार पर आप मनमानी नहीं कर सकते, हम किसानों की मांग के साथ खड़े हैं और खड़े रहेंगे।’’ उन्होंने कहा,‘‘पूरे देश में किसानों की आवाज को हम पुरजोर तरीके से उठा रहे हैं और एक ही मांग है कि केंद्र सरकार को ये तीनों कृषि कानून वापस लेने चाहिए।’’
कांग्रेस नेता के अनुसार सरकार को अपनी जिद व अड़ियल रवैये को छोड़कर जनता की बात सुननी चाहिए और ये कानून वापस लेने चाहिए। पायलट ने कहा कि किसानों के मुद्दों को लेकर हम हमेशा से अपने किसान भाइयों के साथ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी दो दिन के लिए राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं वे कई जगह किसानों से संवाद करेंगे उनकी सभाएं करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



