भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि मुसलमानों को लेकर कांग्रेस का नजरिया हमेशा सिर्फ वोट बैंक ही रहा है, जबकि भाजपा सबका साथ, सबका विकास पर विश्वास करती है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए पूनियां ने कहा कि कांग्रेस ने 55 वर्षों तक लूट और झूठ की ही राजनीति की है जबकि भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेयी के काल से लेकर मोदी सरकार-2 तक अल्पसंख्यकों के विकास के लिए अनेक कार्य कर भरोसा मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि आजादी यूं ही नहीं मिली, इसके लिए भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, अश्फाक उल्ला खां आदि जैसी अनेक शहादतें हुईं। कांग्रेस ने हमेशा से ही वोट बैंक की राजनीति की है, आजादी के बाद से ही अल्पसंख्यक तबका तालीम और इज्जत के लिए लड़ता रहा, इस देश में मुसलमानों के लिए किसी ने काम किया तो वह अटल बिहारी वाजपेयी जी और नरेन्द्र मोदी जी ने किया है।
राजस्थान में भी भैरोसिंह जी शेखावत और वसुन्धरा राजे जी ने बिना किसी भेदभाव के हालात बदलने का काम किया है। पूनिया ने कहा कांग्रेस ने कश्मीर में घृणा और बंटवारे के बीज बोए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह ने 70 वर्षों से चली आ रही कश्मीर समस्या का 48 घंटे के अंदर ही समाधान कर दिया। अब कश्मीर में रोजगार व पर्यटन बढ़ेगा और वहां पर शांति कायम होगी।
कश्मीर हिन्दुस्तान का सिरमौर बनकर खड़ा होगा। उन्होंने कहा समय बदल रहा है, नीयत बदल रही है और माहौल भी बदल रहा है। इस बदलाव से अल्पसंख्यकों में हौसला और विश्वास भी बढ़ा है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब्दुल रशीद अंसारी ने पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वो भारतवासियों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत कहे जा सकते है।


Download Android App
Download iOS App



