राजस्थान में वैश्विक महामारी कोरोना के चलते पिछले दस महीनों से बंद स्कूलों में सोमवार से कक्षा नौ से बारहवीं के विद्यालय खोले जाएंगे। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि राज्य सरकार की 18 जनवरी से कक्षा नौ से बारहवीं के लिए विद्यालय खोलने की अनुमति के तहत स्कूलों में कोरोना नियमों का पूरा ध्यान रखा जायेगा तथा जिलों में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी पदस्थान के निकट के उच्च माध्यमिक विद्यालय में जाकर विभाग द्वारा जारी एसओपी की पालना का अवलोकन करेंगे।
सरकार ने विद्यार्थियों के अभिभावकों की सहमति से विद्यालय आने की अनुमति दी हैं। एक लंबे अंतराल के बाद विद्यालय में शिक्षण प्रारंभ करने से पूर्व सरकार ने विद्यालय संचालन की एसओपी जारी की है। कोरोना से समाज में उत्पन्न चिंता दूर करने, राज्य सरकार के प्रयासों से अभिभावकों, शिक्षकों तथा विद्याथियों में सकारात्मक विश्वास एवं संबलन पैदा करने के लिए किये जाने वाले अतिरिक्त प्रयासों के तहत जिलों में कार्यरत अधिकारियों को विद्यालय पुन: खोले जाने के दिन अपने निकट के उच्च माध्यमिक विद्यालय का दौरा करने के निर्देश दिये गये हैं।
ये अधिकारी विद्यालय में सुरक्षा, स्वास्थ्य संबंधी जागरुकता, गृह एवं शिक्षा विभाग द्वारा जारी एसओपी की पालना का अवलोकन करेंगे तथा समाज में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों से समुदाय, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में सकारात्मक विश्वास के संवाहक बनेंगे। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने पिछले दिनों कोरोना समीक्षा बैठक में प्रदेश में कोरोना के घटते आंकड़े के मद्देनजर 18 जनवरी से नौंवी से बारहवीं तक के स्कूलों को खोलने के निर्देश दिए थे।


Download Android App
Download iOS App



