राजस्थान के पूर्व मंत्री एवं विधानसभा में विपक्ष के उपनेता राजेन्द्र राठौड़ ने आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार की चरम सीमा को लांघ रही है, जिसके चलते राज्य में अराजकता की स्थिति है। श्री राठौड़ ने आज झुंझुनू में पत्रकारों से कहा कि झुंझुनू जिले में एक महीने में तीस हत्यायें एवं 15 बलात्कार हुये हैं।
यहां आये दिन हो रही चोरियों की घटनाओं से आम जनता दहशत के साये में जी रही है। उन्होंने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र में भाड़ पर हत्यायें, पुलिस हिरासत में मौतों से लेकर थानों में खरीद फरोख्त होना आम बात हो गई है। राठौड़ ने महिलाओं की असुरक्षा को लेकर चिन्ता जाहिर की। सरदारशहर में हुई घटना के बारे में उन्होंने कहा कि एक दलित की हत्या के बाद विरोध करने पर उसकी भाभी के साथ सामुहिक बलात्कार एवं मारने की घटना इन्सानीयत को शर्मसार करने वाली है।
उन्होंने कहा कि उदयपुरवाटी क्षेत्र में वर्षों से रह रहे गरीब परिवार को अतिक्रमण के नाम पर हटाने के लिए अमानवीय प्रयास किया गया, इससे व्यथित उक्त गरीब परिवार के सदस्य बाबूलाल सैनी ने अपना घर बचाने के लिए आत्मदाह कर लिया। पुलिस प्रशासन एवं वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा उसे बचाया नहीं गया और वे मौके से फरार हो गये। इसके चलते गरीब बाबूलाल का उपचार के दौरान निधन हो गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पवन मावण्डिया, सांसद नरेन्द, खींचड़, सदस्यता अभियान के जिला संयोजक दिनेश धाबाई सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



