राजस्थान सरकार ने सोमवार को राज्य के पुलिस एवं प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 26 और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 16 अधिकारियों के तबादले कर दिए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
चार आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार
बयान के मुताबिक, फेरबदल की कवायद के तहत तीन पुलिस महानिरीक्षक, छह जिला कलेक्टर और तीन जिला पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं। वहीं, चार आईएएस अधिकारियों को अन्य पदों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। बयान के अनुसार, राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक वीणा प्रधान को विभागीय जांच आयुक्त बनाया गया है, जबकि गृह सचिव कैलाश चंद मीणा को जोधपुर का संभागीय आयुक्त नियुक्त किया गया है।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी तबादला सूची के मुताबिक, जयपुर, धौलपुर, बूंदी, अलवर, डूंगरपुर और जैसलमेर के जिला कलेक्टर बदले गए हैं। सूची के अनुसार, भरतपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रसन्न कुमार खमेसरा को पुलिस महानिरीक्षक कोटा रेंज, महानिरीक्षक कार्मिक गौरव श्रीवास्तव को भरतपुर रेंज का पुलिस महानिरीक्षक, सीआईडी (सीबी) महानिरीक्षक विकास कुमार को महानिरीक्षक (एटीएस जयपुर) के पद पर तैनात किया गया है।
आरएएस के अधिकारी नारायण सिंह चारण को पद से हटाया गया
कार्मिक विभाग के मुताबिक, अनिल कुमार को प्रतापगढ़, मृदुल कच्छावा को झुंझुनू और संजीव नैन को दौसा जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। विभाग के अनुसार, राज्य सरकार ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के अधिकारी नारायण सिंह चारण को पद से हटा दिया है और उन्हें पद स्थापना की प्रतीक्षा में रखा है। चारण सिरोही जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद पर कार्यरत थे।


Download Android App
Download iOS App



