राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बायोटेक के बीच टीके को लेकर हुई बयानबाजी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दखल देने का आग्रह किया है। गहलोत ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बायोटेक की वैक्सीन को भारत में मंजूरी मिलने के बाद दोनों कंपनियों के बीच हुई आपसी बयानबाजी दुर्भाग्यपूर्ण है। यह संवेदनशील मुद्दा है जिसमें प्रधानमंत्री को दखल देना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिटेन में मिले नए कोरोना स्ट्रेन के मामले भारत में बढ़ते जा रहे हैं। सात जनवरी को ब्रिटेन से पुन: हवाई उड़ान शुरू करने के फैसले पर भारत सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए।’’उन्होंने आगे कहा,‘‘अगर जनवरी 2020 में कोरोना की शुरुआत में विदेशों से आने वाली उड़ानो को रोका गया होता तो आज ये स्थिति नहीं बनती। भारत सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि ब्रिटेन से फ्लाइट चलने के बाद कोरोना के नए स्ट्रेन से पूर्व जैसी स्थिति ना बन जाए।’’

मुख्यमंत्री ने ब्रिटेन से पिछले दिनों में लौटे सभी यात्री और उनके संपर्क में आए सभी लोगों से अपील की है कि वे संक्रमण की जांच जरूर कराएं ताकि कोरोना वायरस के नए रूप के प्रसार को फैलने से रोका जा सके।


Download Android App
Download iOS App



