Badam Halwa Recipe in Hindi: आपने आज तक गाजर, मूंग दाल, लौकी जैसी कई चीजों से बने हलवे खाए होंगे। लेकिन क्या आपने कभी बादाम से बने हलवे को घर पर ट्राई किया है अगर नहीं, तो इस सर्दी आप बादाम का हलवा अपने घर पर आसानी से बना सकते हैं। लेकिन आप भी अगर उन लोगों में से हैं, जो बादाम का हलवा कठिन समझकर, इसे कभी अपनी रसोई में ट्राई नहीं करते हैं, तो ये रेसिपी सिर्फ आपके लिए है। बादाम का हलवा खाने में बहुत स्वादिष्ट होने के साथ-साथ शरीर के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। आइए जानते हैं, कैसे बनाते हैं बादाम का टेस्टी हलवा।
Badam Halwa Recipe in Hindi: बादाम का हलवा बनाने की रेसिपी

सामग्री
- बादाम- 1 कप (लगभग 150-200 ग्राम)
- दूध- 1 कप
- देसी घी- ½ कप
- चीनी- ¾ कप
- केसर के धागे- 8-10 (2 चम्मच गर्म दूध में भिगोए हुए)
- इलायची पाउडर- ½ छोटा चम्मच
- गार्निश के लिए- बारीक कटे बादाम या पिस्ता
Badam ka Halwa Kaise Banta Hai: बादाम का हलवा बनाने की विधि

1. सबसे पहले बादाम को एक कटोरे में लें और उन्हें गर्म पानी में कम से कम 30 मिनट या 1 घंटे के लिए भिगो दें। इसे आप रात भर के लिए भी भिगोकर रख सकते हैं।
2. जब बादाम अच्छी तरह फूल जाएं, तो उनका छिलका आसानी से उतार लें। फिर छिले हुए बादाम को मिक्सर ग्राइंडर में डालें। फिर इसमें थोड़ा-थोड़ा दूध डालकर दरदरा या थोड़ा बारीक पेस्ट बना लें।
3. अब एक भारी तले वाली कड़ाही या नॉन-स्टिक पैन लें और उसमें देसी घी डालकर गर्म करें। घी गरम होने पर बादाम का पेस्ट डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए अच्छी तरह भूनें।
4. इसे तब तक भूनें जब तक पेस्ट का रंग हल्का सुनहरा न हो जाए और उसमें से अच्छी खुशबू न आने लगे। इसमें लगभग 8-10 मिनट लग सकते हैं। इसे अच्छी तरह चलाएं ताकि बादाम तले में न लगे।

5. जब बादाम का पेस्ट अच्छी तरह भुन जाए, तो इसमें बचा हुआ दूध और चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं और लगातार चलाते रहें, ताकि कोई गांठ न पड़े।
6. इसमें केसर वाला दूध भी इसी समय डाल दें। इससे हलवे में सुंदर रंग और बेहतरीन खुशबू आएगी। इसके बाद हलवे को धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक वह गाढ़ा न हो जाए और घी छोड़ने लगे। इसे लगातार चलाते रहें।
7. जब हलवा पैन का तला छोड़ने लगे और एक साथ इकट्ठा होने लगे, तो समझ लीजिए कि यह तैयार है। अब आंच बंद कर दें और इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं।
8. अब आपका गरमा गरम बादाम का हलवा एक बनकर तैयार है। ऊपर से बारीक कटे बादाम या पिस्ता से सजाएं और परोसें।
Also Read: सर्दियों में Immunity Boost करने के लिए घर पर बनाएं Til ke Laddu, देखें आसान Recipe



Download Android App
Download iOS App




