नवरात्रि का त्यौहार बेहद शुभ माना जाता है। इस दौरान लोग माता के नाम का व्रत रखते हैं। इसके साथ ही नवमी के दिन घर पर तरह-तरह के भोग बनाए जाते हैं। अगर आप भी इस राम नवमी के शुभ अवसर पर माता रानी को भोग लगाने के लिए कुछ स्पेशल बनाना चाहते हैं, तो आज हम आपको यहां बादाम खीर बनाने की आसान रेसिपी के बारे में बता रहे हैं, जिसे आप झटपट बनाकर कन्याओं को खिला सकते हैं। अगर यहां बताई गई सामग्री से इसे बनाएंगे, तो इसका स्वाद दोगुना हो जाएगा। आइए इसे बनाने का तरीका और टिप्स जानते हैं।
बादाम की खीर बनाने का तरीका

सामग्री
- बादाम: ½ से 1 कप (पानी में भिगोए और छीले हुए)
- दूध: 1 लीटर
- चीनी: ½ कप
- केसर के धागे: 2 चुटकी (थोड़े से गरम दूध में भिगोए हुए)
- इलायची पाउडर: ¼ छोटा चम्मच
- कटे हुए मेवे (काजू, पिस्ता, बादाम): 2 बड़े चम्मच
- देशी घी: 1 छोटा चम्मच
बादाम की खीर बनाने की विधि

- इसे बनाने के लिए बादाम को गरम पानी में 10-15 मिनट के लिए भिगो दें, फिर उनके छिलके उतार लें।
- अब छिले हुए बादामों में 2-3 बड़े चम्मच दूध डालकर मिक्सी में दरदरा या बारीक पेस्ट बना लें।
- एक भारी तले के बर्तन में 1 लीटर दूध डालकर गैस पर उबालें। जब दूध में उबाल आ जाए, तो आंच धीमी कर दें।
- उबलते हुए दूध में केसर वाला दूध और बादाम का पेस्ट डालें।
- इसे लगातार चलाते हुए 15-20 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि कच्चापन खत्म हो जाए।
- अब इसमें चीनी और इलायची पाउडर डालकर 3-4 मिनट तक पकाएं जब तक चीनी पूरी तरह घुल जाए।
- अब गैस बंद कर दें और ऊपर से कटे हुए पिस्ता, काजू और बादाम डालें।
- आप इसे गरमागरम या फ्रिज में ठंडा करके सर्व कर सकते हैं।
खीर बनाने के लिए जरूरी टिप्स
- खीर को मलाईदार और क्रीमी बनाने के लिए हमेशा फुल क्रीम या गाढ़े दूध का ही इस्तेमाल करें।
- दूध और बादाम का पेस्ट डालने के बाद खीर को बीच-बीच में जरूर चलाते रहें।
- बादाम का पेस्ट डालने के बाद इसे धीमी आंच पर पकाएं ताकि बादाम का कच्चापन पूरी तरह खत्म हो जाए।


Download Android App
Download iOS App




