सितंबर का महीना लगभग खत्म ही हो गया है और अक्टूबर का महीना आने वाला है। इस महीने में सुबह हल्की-हल्की ठंड का एहसास होने लगता है। ऐसे में सुबह की चाय के साथ अगर कुछ चटपटा खाने को मिल जाए, तो चाय का मजा दोगुना हो जाता है, इसलिए आज हम आपको घर पर कॉर्न पकौड़ा बनाने की रेसिपी के बारे में बताएंगे, जिसे आप कुछ ही सामग्री से मिनटों में बना सकते हैं। आइए इसे बनाने का तरीका और टिप्स के बारे में बताते हैं।
कॉर्न पकौड़ा बनाने का तरीका

सामग्री
- स्वीट कॉर्न
- बेसन: ½ कप
- चावल का आटा: 2 बड़े चम्मच
- प्याज: 1 मध्यम आकार का
- हरी मिर्च: 2-3
- अदरक-लहसुन पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- मसाले:½ छोटा चम्मच
- लाल मिर्च, हल्दी पाउडर
- जीरा / धनिया पाउडर
- गरम मसाला या चाट मसाला
- नमक, तेल
कॉर्न पकौड़ा बनाने की विधि

- इसे बनाने के लिए सबसे पहले कॉर्न के दानों को अलग कर लें। आधे कॉर्न को हल्का दरदरा पीस लें और आधे दाने साबुत रहने दें।
- इसके बाद एक बड़े कटोरे में पिसा हुआ और साबुत कॉर्न लें। इसमें कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन पेस्ट और हरा धनिया मिलाएं।
- अब इसमें लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, जीरा, नमक और चाट मसाला डालें। इसके बाद बेसन और चावल का आटा थोड़ा-थोड़ा करके मिलाएं।
- इसे हाथों से अच्छी तरह मसलते हुए मिलाएं। कॉर्न के अपने नमी और प्याज के पानी से ही यह बंध जाता है।
- पानी डालने की ज़रूरत नहीं होती है। अगर मिश्रण बहुत ज़्यादा सूखा लगे, तो पानी की कुछ बूंदें छिड़क सकते हैं।
- कढ़ाई में धीमी आंच पर तेल गरम करें। हाथों में थोड़ा पानी लगाकर बैटर का छोटा-छोटा हिस्सा लें और हल्का दबाकर तेल में डालें।
- पकौड़े डालने के तुरंत बाद उन्हें न चलाएं। एक मिनट बाद आंच को धीमा कर दें और पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन और क्रिस्पी होने तक तलें।
- अब आपका गरमा-गरम कॉर्न पकौड़े को हरी चटनी या सॉस और चाय के साथ परोसें।
कॉर्न पकौड़ा बनाने के लिए जरूरी टिप्स
- कॉर्न को मिक्सी में बारीक पेस्ट न बनाएं। दरदरा पीसने या हाथ से क्रश करने से पकोड़े तेल में बिखरते नहीं हैं।
- मिश्रण में पानी ज़्यादा न डालें, क्योंकि कॉर्न और प्याज में नमी होती है। ज़्यादा पानी होने से बैटर गीला हो जाएगा और पकोड़े ज़्यादा तेल सोखेंगे।
- चावल का आटा या कॉर्नफ्लोर मिलाने से पकौड़े लंबे समय तक कुरकुरे बने रहते हैं।
- ठंडे तेल में डालने से पकौड़े बिखर सकते हैं और ज़्यादा तेज़ी से गरम तेल में डालने से वे बाहर से जल जाएंगे।
- अगर आपको लगे कि मिश्रण बिखर रहा है, तो बाइंडिंग के लिए बेसन मिला सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




