प्रतिभाशाली ओपनर स्मृति मंधाना को इंग्लैंड के खिलाफ गुवाहाटी में होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम की कप्तानी सौंपी गई है। भारतीय टी-20 कप्तान हरमनप्रीत कौर के अपने टखने की चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण मंधाना को टी-20 टीम की कप्तानी दी गई है। हरमन का एनसीए में रिहैबिलिटेशन जारी रहेगा।
भारतीय टीम इस समय मिताली राज की कप्तानी में इंग्लैंड के साथ वनडे सीरीज खेल रही है और सोमवार को उसने दूसरा मैच जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली है। गुवाहाटी में तीन टी-20 मैच चार, सात और नौ मार्च को खेले जाएंगे। मिताली को टी-20 टीम में बरकरार रखा गया है। मिताली को हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में पहले दो मैचों में नहीं खेलाया गया था लेकिन उन्हें तीसरे मैच में टीम में जगह दी गई थी।
टी-20 टीम इस प्रकार है: स्मृति मंधाना (कप्तान), मिताली राज, जेमिमा रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, अनुजा पाटिल, शिखा पांडे, कोमल जांजड़, अरुंधति रेड्डी, पूनम यादव, एकता बिष्ट, राधा यादव, वेदा कृष्णामूर्ति और हरलीन देओल।


Download Android App
Download iOS App



