भारत और श्रीलंका के बीच 18 जुलाई को खेले गए पहले वनडे मैच में पृथ्वी शॉ एक बार फिर चमकता हुआ सितारा बनकर उभरे हैं। पृथ्वी शॉ ने सिर्फ 24 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 43 रन टीम के लिए जोड़े थे। वहीं शिखर धवन के नेतृत्व में टीम इंडिया ने पहले वनडे मैच में मेजबान टीम को 7 विकेट से मात देते हुए सीरीज में 1-0 से बढ़त बनाई। ऐसे में कोलंबो के आर प्रेमदासा मैदान पर खेले गए इस मैच में पृथ्वी शॉ के गदर मचा देने के बाद टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने पृथ्वी की तारीफों के पुल बांधे हैं।

आकाश चोपड़ा ने की पृथ्वी शॉ की तारीफ…
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए वीडियो में पृथ्वी की तारीफ करते हुए कहा, ऐसा लग रहा था कि श्रीलंका के पास मोमेंटम होगा लेकिन जब पृथ्वी आए तो उन्होंने पूरी तरह से मैदान मार लिया। वह अलग ग्रह के बल्लेबाज हैं। मैं पृथ्वी शॉ का काफी बड़ा फैन हूं, क्योंकि पूरे हिंदुस्तान में आपको ऐसा बल्लेबाज नहीं मिलेगा।

आकाश चोपड़ा ने कहा पृथ्वी शॉ ने विजय हजारे ट्रॉफी की अपनी फॉर्म को जारी रखा है। उन्होंने कहा, वीरेंद्र सहवाग कभी इस जगह पर थे, लेकिन ये खिलाड़ी, 24 गेंद 43 रन, ऐसा लग रहा था कि बिना जोर लगाए, बिना चांस लिए, ये सिर्फ गैप में शॉट लगाकर ऊंचाइयों की तरफ बढ़ रहा है। मेरा मलतब है कि क्या प्लेयर है ये। साल 2021 इस खिलाड़ी के नाम है, पहले विजय हजारे ट्रॉफी, फिर आईपीएल और अब ये।

गलत शॉट से बचे….
इस बीच चोपड़ा ने ये भी माना कि पृथ्वी शॉ एक गलत शॉट खेलकर आउट हुए थे और इस बारे में उन्हें जरूर सोचना चाहिए क्योंकि वो इसे बड़ी पारी में बदल सकते थे। हांलाकि शॉ को फिफ्टी न लगा पाने के बावजूद ‘मैन ऑफ द मैच’ अवॉर्ड से नवाजे गए।

रविवार को पहले वनडे इंटरनेशनल में भारतीय टीम ने श्रीलंकाई के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं। श्रीलंका ने भारत को जीत के लिए 263 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसका पीछा करते हुए भारतीय टीम ने तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान शिखर धवन ने नाबाद 86 रन बनाए। ईशान किशन ने भी 59 रन का योगदान दिया।


Download Android App
Download iOS App



