ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवर प्रारूपों के कप्तान आरोन फिंच ने वेस्टइंडीज और बांग्लादेश दौरे को लेकर अपना रिएक्शन दिया है। कप्तान आरोन फिंच ने शुक्रवार को कहा कि वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के आगामी दौरे से हटने वाले खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप की टीम चयन के दौरान ‘वास्तविक तौर पर’ अनदेखा किया जा सकता है।

इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने वाले देश के सात शीर्ष खिलाड़ियों डेविड वॉर्नर, पैट कमिंस, ग्लेन मैक्सवेल, झाय रिचर्डसन, केन रिचर्डसन, मार्कस स्टोइनिस और डेनियल सैम्स ने वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के आगामी दौरे पर जाने वाली टीम से विभिन्न कारणों से हटने का ऐलान किया ।

पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ को हालांकि कोहनी में चोट के कारण विश्राम दिया गया है। फिंच ने कहा कि आगामी दौरो से हटने वाले खिलाड़ियों के लिए अक्टूबर-नवंबर में टी20 विश्व कप की टीम से बाहर होने का वास्तविक खतरा है क्योंकि अन्य खिलाड़ी इसके लिए अपना दावा पेश कर सकते हैं।

फिंच ने कहा,हां बहुत वास्तविक संभावना है (टी 20 विश्व कप से बाहर होने के लिए)। आपको मौजूदा लय को देखना होगा और आप उन लोगों को चुनेंगे जो अच्छा खेल रहे हैं। इस दौरे पर जाने वाले खिलाड़ियों के पास टीम में जगह बनाने का मौका होगा। अच्छे अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन को नजरअंदाज करना वास्तव में मुश्किल होगा। तो हाँ, बिल्कुल, कुछ खिलाड़ियों के लिए प्रदर्शन में सुधार कर टीम में जगह पक्की करने का मौका होगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम सोमवार को वेस्टइंडीज के दौरे पर रवाना होगी।

बता दें ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बांग्लादेश और वेस्टइंडीज दौरे पर रवाना होने से पहले कई खिलाड़ियों ने अपना नाम वापस ले लिया था। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपने-अपने कारण बताकर इस दौरे पर नहीं जाने का निर्णय किया था।


Download Android App
Download iOS App



