नई दिल्ली : पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपने ‘अच्छे मित्र और रॉकस्टार’ युवराज सिंह को उनके चमकदार करियर के लिये बधाई दी और कहा कि भारत में जितने भी बायें हाथ के बल्लेबाज हुए उनमें वह सबसे ज्यादा कलात्मक थे। इसके जवाब में भारतीय खिलाड़ी ने कहा कि अख्तर ऐसे गेंदबाज थे जिनसे वह अपने करियर के दौरान सबसे अधिक खौफ में रहते थे। युवराज ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की।
अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि एक रॉक स्टार, एक मैच विजेता, एक अच्छा दोस्त, मेरा एक बहुत अच्छा जूनियर दोस्त। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि भारत में बायें हाथ के बल्लेबाजों के मामले में युवराज सिंह जैसा कलात्मक बल्लेबाज कभी पैदा हुआ। वह बेहद प्रवाहमय बल्लेबाजी करता था। इसके जवाब में युवराज ने कहा कि उन्हें ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ का सामना करने से हमेशा डर लगता था।
युवराज ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा कि यह सच्चाई है कि जब भी आप मेरे सामने गेंदबाजी करने आते थे तो मैं खौफ में रहता था। आपका सामना करने के लिये काफी साहस जुटाना पड़ता था। हमारे बीच कुछ रोचक मुकाबले हुए और वे क्षण हमेशा रोमांचित करेंगे। अख्तर ने कहा कि मुझे याद है जब मैं पहली बार 2003 में विश्व कप के दौरान सेंचुरियन में उसके खिलाफ खेला था जहां उसने शानदार पारी खेली थी। मैं उसके पास गया और मैंने उससे बात की। मैं खेल के उसके ज्ञान से काफी प्रभावित था।


Download Android App
Download iOS App



