मेलबर्न : अनुभवी लिएंडर पेस और पूरव राजा ने आसान जीत के साथ आस्ट्रेलिया ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल के दूसरे दौर में जगह बनाई जबकि रोहन बोपन्ना और दिविज शरण भी अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ जीत दर्ज करने में सफल रहे। पेस और पूरव ने पहले दौर में निकोलोज बासिलाशविली और आंद्रियास हेदर मोरेर की जोड़ी को 6-2, 6-3 से हराया। इस भारतीय जोड़ी की आगे की राह आसान नहीं होगी क्योंकि इन्हें अगले दौर में जेमी मरे और ब्रूनो सोरेस की पांचवीं वरीय जोड़ी का सामना करना है।
दिविज और अमेरिका के राजीव राम की 16वीं वरीय जोड़ी ने पहले दौर में रोमानिया के मारियस कोपिल और सर्बिया के विक्टर ट्राइकी की जोड़ी को 7-6, 6-4 से शिकस्त दी। यह जोड़ी अगले दौर में फाबियो फोगनीनी और मार्सेल ग्रेनोलर्स की जोड़ी से भिड़ेगी। इस बीच रोहन बोपन्ना और एडवर्ड रोजर वेस्लीन की 10वीं वरीय जोड़ी ने रेयान हैरिसन और वासेक पोसपिसिल की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 6-2, 7-6 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



