इंडियन क्रिकेट स्टार विराट कोहली के भतीजे आर्यवीर कोहली को दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के ऑक्शन में नई टीम मिल गई है। बुधवार (1 जुलाई) को हुए खिलाड़ियों की नीलामी में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 16 साल के आर्यवीर को 1.20 लाख रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया।
बेस प्राइस से ज्यादा रकम में हुई खरीदारी
Talent meets opportunity. Let the journey begin. 🚀#delhipremierleague #dpl #dplauction #cricket pic.twitter.com/eAfVsde0zw
— Delhi Premier League T20 (@DelhiPLT20) July 1, 2026
आर्यवीर इस बार ऑक्शन में ‘सी’ कैटेगरी के खिलाड़ी के रूप में शामिल थे, जिनका बेस प्राइस 1 लाख रुपये तय किया गया था। सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने उन पर 1.20 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। आपको बता दें कि ‘सी’ कैटेगरी में दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) के रजिस्टर्ड खिलाड़ी शामिल होते हैं।
पिछले सीजन नहीं मिला था खेलने का मौका

पिछले सीजन आर्यवीर साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स का हिस्सा थे। उस समय फ्रेंचाइजी ने उन्हें 1 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल सकी। इसी वजह से इस बार उनकी कीमत में 20 हजार रुपये का इजाफा हुआ है। हालांकि अब यहां ये देखना दिलचस्प होगा कि सेंट्रल दिल्ली किंग्स उन्हें इस सीजन मैदान पर उतरने का मौका देती है या नहीं।
यश धुल समेत कई खिलाड़ी हैं टीम का हिस्सा

सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने इस सीजन के लिए पहले ही नौ खिलाड़ियों को रिटेन किया था। टीम के सबसे बड़े नामों में यश धुल शामिल हैं, जिन्हें मार्की खिलाड़ी के तौर पर बरकरार रखा गया है। इसके अलावा मनी ग्रेवाल, जोंटी सिद्धू, युगल सैनी, आदित्य भंडारी, सिद्धार्थ जून, गवनिश खुराना, जसवीर सहरावत और तेजस बरोका भी टीम का हिस्सा हैं।
पिछले सीजन सेंट्रल दिल्ली किंग्स रही थी रनरअप

दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल में वेस्ट दिल्ली लायंस ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 20 ओवर में 173 रन बनाए थे। जिसके जवाब में वेस्ट दिल्ली लायंस ने 18 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया था। उस मुकाबले में कप्तान नितीश राणा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में नाबाद 79 रन बनाए थे। उनकी पारी में चार चौके और सात छक्के शामिल थे, जिसके दम पर टीम ने आसानी से ट्रॉफी जीत ली थी।


Download Android App
Download iOS App




