इंग्लिश क्रिकेट टीम के लिए अभी तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये एशेज सीरीज किसी बुरे सपने की तरह चल रही है। ब्रिसबेन और एडिलेड के बाद मेलबर्न में भी इंग्लिश टीम बिना किसी संघर्ष के सरेंडर करती दिख रही है और वो सीरीज हारने से बस चंद कदम दूर है। मेलबर्न में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन ही इंग्लैंड की सीरीज हार की कहानी लगभग पूरी लिखी जा चुकी है। पहली पारी में सिर्फ 185 रन पर ढेर होने वाली इंग्लिश टीम ने दूसरे दिन भी कुछ उसी तरह का खेल दिखाया है।

दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 267 रन पर खत्म होने के बाद इंग्लिश टीम 82 रन से पिछड़ रही थी मगर वो ऑस्ट्रेलिया की इस बढ़त को दिन खत्म होने तक पछाड़ नहीं पाए। बल्कि का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में भी उन्होंने 4 विकेट गंवा दिए। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड ने 2-2 विकेट झटके और इंग्लैंड दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक सिर्फ 31 रन बना सका। इंग्लिश टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 51 रन पीछे है।
.jpg)
ऑस्ट्रेलिया के तूफानी गेंदबाज स्टार्क ने चौथे ओवर में लगातार दो गेंदों पर जैक क्रॉली और डेविड मलान को पवेलियन लौटा दिया। जो रूट ने किसी तरह से हैट्रिक टाली और फिर दो चौके भी जमाए। इंग्लैंड को उम्मीद थी कि रूट और हसीब हमीद अंत तक टिके रहेंगे, लेकिन दिन का खेल खत्म होने से एक ओवर पहले ही इंग्लैंड की हालत पस्त हो गई। डेब्यू कर रहे बोलैंड ने एक ही ओवर में हमीद और जैक लीच को भी निपटा दिया। इससे पहले मेलबर्न टेस्ट के दूसरे दिन की शुरुआत में थोड़ी देरी हुई, क्योंकि इंग्लैंड के खेमे में कोरोना वायरस संक्रमण के 4 मामले सामने आए थे। हालांकि, खिलाड़ियों के संक्रमित नहीं पाए जाने के कारण खेल शुरू किया गया और ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाया।


Download Android App
Download iOS App



