बिग बॉस फेम एक्ट्रेस शहनाज गिल के पिता पर पंजाब के अमृतसर में जानलेवा हमला हुआ है। एक्ट्रेस के पिता संतोख सिंह ने दो दिन पहले ही भाजपा ज्वाइन की थी और वे यहां कुछ कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद अमृतसर से ब्यास के लिए रवाना हुए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बाइक सवार बदमाशों ने उनपर हमला किया है।

शहनाज गिल के पिता संतोख सिंह सुख पर कथित तौर पर फायरिंग की गई है। घटना शनिवार शाम अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में हुई। पुलिस को दिए बयान में सुख ने कहा कि घटना उस वक्त हुई, जब कार को साइड में खड़ा किए जाने के बाद उनके सुरक्षाकर्मी गुरदासपुरिय के ढाबे के पास बने शौचालय गए थे। उन्होंने बताया कि तभी दो लोग बाइक पर सवार होकर आए और कार के पास रुक गए। फिर उनपर फायरिंग करने लगे। इन्होंने उनकी कार पर चार बार गोली चलाई।

संतोख सिंह घटना के वक्त अपनी गाड़ी में ड्राइवर के साथ सवार थे और इस घटना में बाल-बाल बचे। उन्होंने अभी दो दिन पहले ही बीजेपी जॉइन की थी। वह शनिवार को किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अमृतसर से ब्यास जा रहे थे। उन्होंने कहा कि जब उनके सुरक्षाकर्मियों ने गोलियों की आवाज सुनकर हमलावरों पर ईंटें फेंकी तो वह भाग गए। उन्होंने फिर तुरंत जंडियाला गुरु पुलिस को सूचित किया और पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को घटना के बारे में समय पर सूचित कर दिया गया था, लेकिन अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। मामले में जंडियाला गुरु पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस अफसर हरप्रीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल से चार खाली खोखे बरामद किए। उन्होंने बताया, ‘प्रारंभिक जांच के बाद मामला कुछ संदिग्ध पाया गया और इसलिए आगे की जांच की जा रही है।’ अधिकारी ने कहा कि हाल ही में उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी क्योंकि उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।


Download Android App
Download iOS App



