Ashes2021 : वार्नर की ये गड़बड़ देख नहीं रुकेगी आपकी हंसी

Summary :

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस वक़त एशेज सीरीज चल रही है जिसके पहले टेस्ट के दूसरे दिन किस्मत ने कई बार डेविड वॉर्नर का साथ दिया।

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस वक़त एशेज सीरीज चल रही है जिसके पहले टेस्ट के दूसरे दिन किस्मत ने कई बार डेविड वॉर्नर का साथ दिया। इस ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज को कुछ बड़े जीवनदान मिले, जिसमें एक बार तो ऐसा कुछ हुआ, जिसे देखकर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे। इंग्लैंड के हसीब हमीद और वॉर्नर ने मिलकर कुछ ऐसी गलतियां की, जो इंटरनैशनल क्रिकेट में कम ही देखने को मिलती हैं। दोनों ने ऐसी गलतियां की, जो शायद ही कोई नौसिखिया क्रिकेटर भी करे और इसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

एशेज सीरीज का पहला टेस्ट मैच ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन वॉर्नर जब 17 रन बनाकर खेल रहे थे, तब बेन स्टोक्स की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए थे, लेकिन रिप्ले देखा गया तो पता चला कि वह नोबॉल थी। इसके बाद अर्ध शतक जड़ने के बाद उनको एक और जीवनदान मिला। 

दरअसल ऑस्ट्रेलिया की पारी का 37वां ओवर था। वॉर्नर ने शॉट लगाया और गेंद शॉर्ट लेग पर गई, जहां हसीब हमीद फील्डिंग कर रहे थे। गेंद हमीद के थोड़ा आगे गिरी, उन्होंने इसे पकड़ा, तब तक वॉर्नर क्रीज से बाहर निकल चुके थे। वॉर्नर क्रीज में वापस लौटना चाहते थे, लेकिन फिसल कर गिर गए। क्रीज के अंदर पहुंचने के लिए डाइव लगाई लेकिन इस दौरान उनका बल्ला हाथ से छूट गया। हमीद ने इसके बाद थ्रो किया, लेकिन गेंद स्टंप्स पर नहीं लगी। किसी तरह वॉर्नर क्रीज के अंदर पहुंचे और रनआउट होने से बचे।


Desk Team