सिडनी : बल्लेबाज डेविड वार्नर और गेंदबाज नाथन लियोन के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत आस्ट्रेलिया ने तीसरे टेस्ट के अंतिम सत्र में शेष छह विकेट चटकाने के साथ ही मेहमान न्यूजीलैंड के खिलाफ सोमवार को 279 रन से जीत अपने नाम करने के साथ सीरीज में भी 3-0 के साथ क्लीन स्वीप हासिल कर ली। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गये मुकाबले में आस्ट्रेलिया ने मेहमानों के सामने 416 रन का विशाल लक्ष्य रखा था जिसके सामने खिलाड़ियों की बीमारी से परेशान न्यूजीलैंड 47.5 ओवर में 136 रन पर ही ढेर हो गयी और मुकाबला चार दिन में ही समाप्त हो गया।
मेजबान टीम की ओर से लियोन ने कीवी टीम की दूसरी पारी में 16.5 ओवर में 50 रन देकर सर्वाधिक पांच विकेट निकाले, लियोन ने पहली पारी में 68 रन देकर पांच विकेट निकाले थे और इस तरह मैच में अपने 10 विकेट भी पूरे किये। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में चायकाल तक 27 रन पर चार विकेट गंवाये और टॉम ब्लंडेल, जीत रावल तथा ग्लेन फिलिप्स के विकेट लगातार गिर गये जबकि पारी में उसके 37 ओवर शेष थे।
लियोन ने बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी की बदौलत अपने हर ओवर में विकेट निकाले जबकि मिशेल स्टार्क ने ब्लंडेल और लाथम को आउट किया और 25 रन देकर तीन विकेट लिये। कीवी टीम की पारी में निचले क्रम के कॉलिन डी ग्रैंडहोम की 52 रन की पारी सबसे बड़ी रही।
ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के तीसरे दिन पहली पारी में 251 रन पर ढेर कर दिया था। मेजबान टीम ने न्यूजीलैंड से फॉलोआन नहीं कराया और दूसरी पारी में खेलने का फैसला किया था और दूसरी पारी में 40 रन बना लिये थे जिससे उसके पास कुल बढ़त 243 रन की हो गयी थी।


Download Android App
Download iOS App



