लीड्स : मार्कस लाबुशेन की 80 रन की शानदार पारी से ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 246 रन बनाकर इंग्लैंड के सामने तीसरे एशेज टेस्ट में जीत के लिए 359 रन का मुश्किल लक्ष्य रख दिया। ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन शनिवार को छह विकेट पर 171 रन से आगे खेलना शुरू किया और उसकी दूसरी पारी लंच से कुछ पहले समाप्त हुई। लाबुशेन ने 53 रन और जेम्स पैटिनसन ने दो रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। सीरीज में लगातार तीसरा अर्धशतक बना चुके लाबुशेन ने 187 गेंदों में आठ चौकों की मदद से सर्वाधिक 80 रन बनाये।
लाबुशेन ने पहली पारी में 74 रन बनाये थे। चोटिल स्टीव स्मिथ की जगह लाये गए लाबुशेन ने अपने चयन को साबित किया है और टीम को स्मिथ की कमी महसूस नहीं होने दी है। लाबुशेन नौंवें बल्लेबाज के रूप में टीम के 237 के स्कोर पर आउट हुए। कमिंस ने 48 गेंदों में दो चौकों के सहारे 20 रन बनाये और लाबुशेन के साथ सातवें विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की।
पैट कमिंस ने छह, नाथन लियोन ने नौ और जोश हेजलवुड ने नाबाद चार रन बनाये। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने 40 रन पर दो विकेट लेकर मैच में आठ विकेट पूरे किये। स्टुअर्ट ब्रॉड ने 52 रन पर दो विकेट और बेन स्टोक्स ने 56 रन पर तीन विकेट लिए।


Download Android App
Download iOS App



